नैनवां. राशि उपलब्ध होने के बाद भी कृषि विपणन बोर्ड नैनवां गौण मंडी में आंतरिक संरचना के निर्माण के लिए स्वीकृति नहीं दे रहा है। नैनवां की गौण मंडी यार्ड में व्यापार चालू करवाने के लिए यार्ड में आंतरिक संरचना का कार्य करवाने के लिए देई कृषि उपज मंडी के पास साढ़े पांच करोड़ रुपए की राशि पड़ी है। कृषि उपजमंडी कार्य शुरू करवाना भी चाह रही। कार्य शुरू करवाने के लिए राशि खर्च करने के कृषि विपणन निदेशालय प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति जारी ही नहीं कर रहा। कृषि उपज मंडी प्रशासन निदेशालय को स्मरण पत्र भी भेज चुका है।
नैनवां गौण मंडी में व्यापार चालू करवाने के लिए गौण मंडी यार्ड के प्रवेश द्वार के सामने मुख्य सडक़ का कार्य, मुख्य सडक़ के समीप वाले दो नीलामी प्लेटफार्म निर्माण कार्य (साइज 180 गुणा 80 वर्ग फीट), दोनों नीलामी प्लेटफार्म के चारों ओर सडक़ निर्माण कार्य, गौण मंडी यार्ड में टॉयलेट ब्लॉक निर्माण कार्य, प्रकाश व्यवस्था हेतु हाई मास्ट लाइट कार्य, कार्यालय भवन का निर्माण कार्य (दो रूम सेट) निर्माण के लिए प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मांग रखी है। कृषि उपज समिति ने 31 जनवरी को ही प्रस्ताव भेज दिया था। उसके बाद फिर 5 मार्च को स्मरण पत्र भी भेजा है, लेकिन कृषि विपणन निदेशालय ने स्मरण पत्र को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया।
चारदीवारी का हो रहा निर्माण
नैनवां में गौण मंडी यार्ड के लिए नगरपालिका ने बेशकीमती 50 बीघा भूमि कृषि उपजमंडी को निशुल्क उपलब्ध कराई थी। भूमि के अभाव में कार्य शुरू नहीं हो पाने से नगरपालिका नैनवां ने 2 अगस्त 2023 को नगरपालिका ने कृषि उपज मंडी के नाम 50 बीघा भूमि का पट्टा भी जारी किया। भूमि मिलने के बाद कृषि विपणन बोर्ड ने गौण मंडी यार्ड निर्माण के लिए एक करोड़ 6 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर कार्यदेश जारी कर 27 अगस्त 2023 से चारदीवारी व गेट पर चेकपोस्ट निर्माण कार्य शुरू करवाया था।
कार्य पूरा होने के बाद गौण मंडी की आंतरिक संरचना के कार्य की मंजूरी नहीं मिलना ही गौण मंडी शुरू होने में बाधा बना हुआ है। कृषि उपज मंडी प्रशासन आंतरिक संरचना का निर्माण कराने के लिए बार-बार कृषि विपणन बोर्ड को लिखता आ रहा था। गौण मंडी नैनवां क्षेत्र के हर वर्ग के लिए समृद्धि का मार्ग खोलेगी। जिसको देखते हुए हर वर्ग को गौण मंडी शुरू होने का इंतजार है।
बोर्ड को फिर स्मरण पत्र लिखा
कृषि उपजमंडी सचिव फतेहसिंह मीणा ने बताया कि गौण मंडी यार्ड में आंतरिक संरचना के निर्माण प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति के लिए फिर निदेशालय को स्मरण पत्र लिखा है।


