लखनऊ में अग्रहरि वैश्य समाज के महिला मंडल और युवा मंडल ने एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ऐशबाग स्थित रामलीला समिति मैदान में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस 70वें होली मिलन समारोह के साथ शपथ ग्रहण, वैवाहिक परिचय और सम्मान समारोह भी आयोजित किए गए। समाज के नए पदाधिकारियों ने संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया, वहीं प्रतिभावान सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। होली के गीतों पर लोगों ने जमकर नृत्य किया समारोह में कलाकारों ने नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया। होली के गीतों पर लोगों ने जमकर नृत्य किया और पूरा मैदान रंग व संगीत से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में महिला मंडल और युवा मंडल की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही। समारोह समाज की परंपरा का प्रतीक है आयोजक प्रमोद ने बताया कि यह 70वां होली मिलन समारोह समाज की परंपरा का प्रतीक है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और नई पीढ़ी को सामाजिक संस्कारों से जोड़ना है। कार्यक्रम में वैवाहिक परिचय सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें समाज के युवक-युवतियों के परिवारों को एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिला। इस पहल को समाज के लोगों ने सराहा। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रंग, गुलाल, संगीत और उल्लास के साथ होली का पर्व मनाया।


