आगरा पुलिस ने 226 किलोग्राम गांजा के साथ 2 तस्करों को पकड़ा है। इस गांजे की कीमत लगभग 1.15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन तस्करों की निशानदेही पर पुलिस अब गांजा सप्लाई के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इसके साथ ही अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। थाना नाई की मंडी पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 226 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया-पुलिस को लंबे समय से गांजा तस्करी की गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। थाना नाई की मंडी पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके से ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। आशंका जताई जा रही है कि गांजा किसी दूसरे राज्य से लाया गया था और आगरा सहित आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। मगर, इससे पहले ही पुलिस ने गांजा अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया, किस नेटवर्क के जरिए इसकी तस्करी हो रही थी और किन-किन शहरों में इसकी आपूर्ति की जानी थी। डीसीपी सिटी ने कहा-यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है। पुलिस टीम आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्कों की गहन जांच कर रही है।


