आगरा पुलिस पर एक बार फिर से मारपीट करने का आरोप लगा है। किरावली में किसानों के पैर तोड़ने का मामले के बाद अब छत्ता थाने की जीवनी मंडी चौकी पुलिस पर दूध विक्रेता को बेरहमी से पीटने का आरोप है। पीड़ित ने डीसीपी सिटी से शिकायत की। चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है। सैंया के गांव वीरई निवासी नरेंद्र कुशवाह ने शनिवार को डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से शिकायत की। बताया कि वह और उसका भाई धीरज कुशवाह आगरा में टेंपो से दूध देने आते हैं। उसे टेंपो चलाना नहीं आता। धीरज ही चलाता है। जीवनी मंडी क्षेत्र स्थित गरीब नगर के बाहर उनका टेंपो खड़ा था। वह टेंपो में बैठा था। भाई धीरज गली में दूध देने गया था। तभी वहां पर कोई झगड़ा हो गया। जीवनी मंडी चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार ओर सिपाही पहुंचे। उन्होंने कुछ लोगों को पकड़ा। उन लोगों को चौकी ले जाने के लिए टैंपो में साथ लेकर चलने को कहा। उसने पुलिस कर्मियों को बताया कि वो टैंपो चलाना नहीं जानता है। उसका भाई की टेंपो चलाता है। इस बात पर पुलिसकर्मियों का पारा हाई हो गया। उन्होंने नरेंद्र के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसे चौकी ले आए। आरोप है कि चौकी में उसे बुरी तरह से पीटा गया। उसके पैरों के तलवे में डंडे मारे। उसके अंगूठे का नाखून भी उखड़ गया। इसके बाद उसका शांतिभंग में चालान और कर दिया। देर शाम घरवालों ने उसे जमानत पर छुड़ाया। घटना के बाद से पीड़ित युवक भयभीत है। पुलिस की पिटाई के चलते वो सही से चल भी नहीं पा रहा है। डीसीपी सिटी ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया। आरोपित चौकी इंचार्ज जीवनी मंडी रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया। उसकी जगह गौरव राठी को नया चौकी प्रभारी बनाया गया है।


