आगरा तेज आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश:शाम होते ही छाए बादल, दिन में मौसम रहा साफ; करीब 7°C गिरा तापमान

आगरा तेज आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश:शाम होते ही छाए बादल, दिन में मौसम रहा साफ; करीब 7°C गिरा तापमान

अप्रैल की शुरुआत में ही आगरा में मौसम ने तेज गर्मी के बीच अचानक करवट लेकर लोगों को राहत दी है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ते तापमान और तीखी धूप से परेशान लोगों को अब आंधी-बारिश के कारण राहत महसूस हो रही है।
रविवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप भी निकली, लेकिन बीती रात आई आंधी-तूफान के असर के चलते धूप अन्य दिनों की तुलना में ज्यादा तीखी नहीं रही। दोपहर करीब 2 बजे तापमान 31 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों के मुकाबले कम रहा। दिनभर सामान्य स्थिति बनी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली।
शाम के समय आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में तेज आंधी के साथ गरज-चमक शुरू हो गई और फिर बारिश होने लगी। तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में होर्डिंग गिर गए। वहीं, कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 24 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे मौसम सुहाना हो गया। सड़कों पर पानी भरने और तेज हवाओं के चलते यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों में आगरा का अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 19 से 24 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। 29 मार्च को अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि 3 अप्रैल को यह 36.7 डिग्री दर्ज किया गया। इससे साफ है कि तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे दिन के तापमान में गिरावट बनी रह सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *