Agniveer Vayu Bharti 2026: आज बंद हो रही है आवेदन प्रक्रिया, युवाओं के लिए आखिरी मौका

Agniveer Vayu Bharti 2026: आज बंद हो रही है आवेदन प्रक्रिया, युवाओं के लिए आखिरी मौका

IAF Agniveervayu Last Date Today: भारतीय वायुसेना में अग्निवीरवायु बनने का मौका पाने की आखिरी तारीख आज, 1 फरवरी 2026 है। जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास अब बहुत कम समय बचा है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की विंडो आज रात बंद कर दी जाएगी। ऐसे में जो युवा अभी तक फॉर्म नहीं भर पाए हैं, उन्हें बिना देर किए आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर जाकर आवेदन पूरा कर लेना चाहिए। रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की समय सीमा आज रात करीब 11 बजे तक मानी जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार यह समय 11:50 बजे तक भी हो सकता है, लेकिन जोखिम लेने से बेहतर है कि समय रहते प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।

Agniveer Vayu Bharti 2026: भर्ती से जुड़ी जरूरी तारीखें

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 जनवरी 2026 से शुरू हुए थे। अब इसकी अंतिम तारीख 1 फरवरी 2026 है। इसके बाद चयन प्रक्रिया का पहला चरण यानी ऑनलाइन परीक्षा 30 और 31 मार्च 2026 से शुरू होगी।

Agniveer Vayu Eligibility 2026: कौन कर सकता है आवेदन?

अग्निवीरवायु भर्ती में शामिल होने के लिए उम्र और पढ़ाई से जुड़ी कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं। उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 2006 से लेकर 1 जुलाई 2009 के बीच होना चाहिए। आवेदन के समय उसकी उम्र 21 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

पढ़ाई की बात करें तो साइंस स्ट्रीम के उम्मीदवारों के लिए गणित, भौतिकी और अंग्रेजी के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। कुल मिलाकर कम से कम 50 प्रतिशत अंक और अंग्रेजी में भी 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इंजीनियरिंग डिप्लोमा वाले युवा भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। अन्य विषयों से 12वीं पास उम्मीदवार भी इस भर्ती में भाग ले सकते हैं, बशर्ते उनके कुल अंक और अंग्रेजी में कम से कम 50 प्रतिशत हों।इस भर्ती के लिए सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 550 रुपये के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी देना होगा। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।

Agniveer Vayu Bharti 2026: ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन

अग्निवीरवायु बनने के लिए उम्मीदवारों को तीन चरणों से गुजरना होगा। पहला चरण ऑनलाइन परीक्षा का होगा। यह कंप्यूटर पर आधारित होगी और इसमें गलत जवाब देने पर अंक काटे जाएंगे। हर गलत उत्तर पर 0.25 अंक की कटौती होगी। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में सफल होंगे, उन्हें दूसरे चरण के लिए बुलाया जाएगा। इसमें शारीरिक दक्षता की जांच होगी। पुरुष उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ 7 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिलाओं को 8 मिनट का समय मिलेगा। इसके अलावा पुश-अप्स, सिट-अप्स और स्क्वाट्स भी करने होंगे। तीसरे और अंतिम चरण में मेडिकल टेस्ट होगा। इसमें वायुसेना के तय मानकों के अनुसार उम्मीदवार की सेहत की जांच की जाएगी।

Agniveer Vayu Salary: इतनी मिलेगी सैलरी

चयन होने के बाद अग्निवीरों को चार साल तक सेवा का मौका मिलेगा। पहले साल उन्हें करीब 30 हजार रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए चौथे साल 40 हजार रुपये तक पहुंच जाएगा। चार साल की सेवा पूरी करने के बाद उम्मीदवारों को सेवा निधि के रूप में लगभग 10 लाख रुपये से ज्यादा की राशि दी जाएगी। इसके अलावा, अच्छे प्रदर्शन के आधार पर करीब 25 प्रतिशत अग्निवीरों को वायुसेना में स्थायी पद के लिए भी मौका मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *