Crime : मुजफ्फरनगर के रहने वाले सचिन भारद्वाज ने अपने पिता के लिए स्पेशल डिनर बनाया और फिर डाइनिंग टेबल पर पिता के साथ-साथ अपनी भी थाली सजाई। खाने के लिए दोनों डाइनिंग टेबल पर साथ बैठे। अभी पिता ने पहला ही निवाला तोड़ा था कि बेटे सचिन ने लाइसेंसी पिस्टल कनपटी पर रखकर ट्रिगर दबा दिया। एक ही पल में पूरे घर में खून फैल गया और चीख पुकार मच गई।
पॉश कालोनी पटेल नगर में है मकान
मुजफ्फरनगर की इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। कोतवाली मंडी क्षेत्र के पटेलनगर में रहे वाले सचिन भारद्वाज ने शाम के समय अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो घर के सचिन के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। इस सुसाइड नोट में जो लिखा था उसने इस पूरे घटनाक्रम को और भी हैरान कर देने वाला बना दिया। सुसाइड नोट में लिखा था कि परिवार में खुशी नहीं है, बैंकों का कर्जा है, मां जा चुकी है, पत्नी साथ नहीं रहती। कोई संतान नहीं है, जीने का मन नहीं करता इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं। यह बातें सुसाइड नोट में ज्यों की त्यों तो नहीं लिखी गई लेकिन पुलिस ने पूछने पर इतना ही बताया कि सुसाइड नोट में इन बातों का जिक्र है कि परिवार में खुशी नहीं है और कर्ज भी है। सचिन की मां की मौत हो चुकी है और पत्नी साथ नहीं रहती।
जीवन में नीरसता मानी जा रही वजह
माना जा रहा है कि जीवन की नीरसता से परेशान होकर सचिन ने आत्महत्या की है। इस घटना के बाद अब सचिन के पिता घर में अकेले रह गए हैं। पूरे घर में दोनों बाप-बेटे साथ रहते थे। पटेल नगर में इनका बड़ा मकान है आस-पास के लोगों का कहना है कि उन्हे ऐसा कभी लगा ही नहीं कि सचिन भारद्वाज कर्ज में डूबे हो सकते हैं। सचिन के पिता की 70 हजार रुपये से अधिक पेंशन आती है। इस घटना के बाद पूरे घर में खून फैल गया। कोतवाली मंडी प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्यवाही चल रही है।
पुलिस दूसरे एंगल से भी कर रही जांच Crime
घटना के बाद से पिता सदमें मे हैं, उनकी मानसिक हालत भी सामान्य नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए सचिन भारद्वाज की 0.32 बोर की पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। सचिन ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि कई बैंकों का कर्ज है जिसे पूरा करने में सक्षम नहीं है। इसलिए भी आत्म हत्या कर रहे हैं।


