मैनपुरी में दो दिन की राहत के बाद गुरुवार रात मौसम ने फिर करवट ली। दिन में तेज धूप के बाद शाम होते-होते ठंड बढ़ गई और देर रात पूरे जिले में घना कोहरा छा गया। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर मात्र 10 मीटर रह गई, जिससे आम जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। शाम से चल रही ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी। रात बढ़ने के साथ सर्दी का असर तेज होता गया, जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हुए और सड़कों पर सन्नाटा छा गया। घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की धीमी गति से चलते दिखे। घने कोहरे का सर्वाधिक असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। कुरावली से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात वाहनों की संख्या में भारी कमी दर्ज की गई। इस मार्ग पर सामान्यतः बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। कई वाहन चालक हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर अत्यधिक सतर्कता से वाहन चलाते देखे गए। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से मैनपुरी में कोहरे और सर्दी का असर कम था। हालांकि, गुरुवार को दिन में तेज धूप के बाद रात में घने कोहरे ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान तापमान गिरकर लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मैनपुरी में बढ़ती सर्दी के मद्देनजर प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार के निर्देश पर कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने की संभावना जताई है, जिसके चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


