स्कूल में गणतंत्र दिवस पर गांधीजी पर आपत्तिजनक गीत गाया:नरसिंहपुर में VIDEO सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की टीम जांच करने पहुंची

स्कूल में गणतंत्र दिवस पर गांधीजी पर आपत्तिजनक गीत गाया:नरसिंहपुर में VIDEO सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की टीम जांच करने पहुंची

नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड में गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर एक सरकारी स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अपमान का आरोप लगा है। शासकीय प्राथमिक शाला जामनपानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक ऐसा गीत गाया, जिसमें गांधीजी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हो रहा है। स्कूल के प्राचार्य का इस मामले में अजीबोगरीब तर्क सामने आया है। उनका कहना है कि बच्चों को इस विवादित गीत की कोई तैयारी या रिहर्सल नहीं कराई गई थी। प्राचार्य ने दावा किया कि जब यह सब हुआ, तब वे वहां मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक, गांव वालों के मनोरंजन के लिए उनके कहने पर ही छात्राओं ने यह गाना गा दिया। इस स्कूल में कुल 45 बच्चे पढ़ते हैं और दो शिक्षकों की जिम्मेदारी है। प्रशासनिक टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर के आदेश के बाद तेंदूखेड़ा तहसीलदार निर्मल पटले, शिक्षा विभाग के बीओ और बीआरसी की टीम के साथ सीधे स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने पूरी घटना का पंचनामा तैयार किया और मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। तहसीलदार ने माना कि वीडियो में जो बातें कही गई हैं, वे पहली नजर में काफी आपत्तिजनक हैं। दोषियों पर होगी कार्रवाई ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीओ) पंचम सिंह मरावी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता को लेकर गलत शब्दों का प्रयोग किया गया है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि पूरी जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी और वरिष्ठ अफसरों को भेजी जा रही है। जांच में जो भी लापरवाही या दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियम के अनुसार सख्त एक्शन लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *