Vaibhav Suryavanshi: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने के बाद 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब जल्द मैदान पर धमाल मचाने वाले हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले वैभव नवी मुंबई में डीवाई पाटिल T20 लीग में खेल सकते हैं, जो देश के सबसे कॉम्पिटिटिव कॉर्पोरेट टी20 इवेंट्स में से एक हैं। ये टूर्नामेंट 23 फरवरी से शुरू होगा। इसमें आमतौर पर घरेलू और इंटरनेशनल खिलाड़ियों का मिक्स अप देखने को मिलता है, खासकर इसलिए क्योंकि ये हर आईपीएल सीजन से ठीक पहले होता है।
बातचीत आखिरी स्टेज में
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ी और ऑर्गनाइजर के करीबी सूत्रों ने संकेत दिया है कि बातचीत आखिरी स्टेज में है और सूर्यवंशी के टूर्नामेंट में खेलने की संभावना बहुत ज्यादा है। इस लीग में इंटरनेशनल लेवल के जाने-माने खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं और अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। पिछले साल क्रुणाल पंड्या और हार्दिक पंड्या दोनों को टूर्नामेंट खेलते हुए देखा गया था। शिवम दुबे, नेहाल वढेरा, दीपक चाहर और कई अन्य बड़े नाम इसमें हिस्सा ले चुके हैं।
U19 वर्ल्ड कप के हीरो नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार
सूर्यवंशी एक यादगार अंडर-19 वर्ल्ड कप कैंपेन के बाद आ रहे हैं। फाइनल में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन बनाकर भारत को इंग्लैंड को 100 रनों से हराने में मदद की। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज दोनों चुना गया। उनके निडर स्टाइल की तुलना पहले ही खेल के कुछ महान खिलाड़ियों से की जा चुकी है। इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी मार्क बुचर ने उनकी बैटिंग स्टाइल की तुलना सर गैरी सोबर्स से की है।
सूर्यवंशी ने नहीं लिया कोई ब्रेक
साउथ अफ्रीका से लौटने के बाद से सूर्यवंशी ने कोई ब्रेक नहीं लिया है। घर जाने के बजाय वह आईपीएल 2026 की तैयारी शुरू करने के लिए नागपुर के पास तालेगांव में राजस्थान रॉयल्स के कैंप में शामिल हो गए हैं। यह कैंप 21 फरवरी तक चलेगा, जिसके बाद उम्मीद है कि वह एक तय सम्मान समारोह के लिए पटना और अपने होमटाउन में थोड़े समय के लिए जाएंगे और फिर डीवाई पाटिल टूर्नामेंट के लिए मुंबई जाएंगे।


