Ranveer Singh Meets RSS Chief Mohan Bhagwat: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त सफलता को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बीच अभिनेता का नागपुर दौरा अचानक चर्चा का विषय बन गया, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय पहुंचकर संगठन के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि दी और सरसंघचालक मोहन भागवत से शिष्टाचार मुलाकात की।
सफलता के बीच खास दौरा (Ranveer Singh Meets RSS Chief Mohan Bhagwat)
सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह शुक्रवार दोपहर मुंबई से चार्टर्ड विमान के जरिए नागपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे वे रेशिमबाग स्थित स्मृति मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने हेडगेवार की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की और कुछ समय तक बातचीत भी की।

हालांकि इस मुलाकात के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे एक औपचारिक और सौहार्दपूर्ण भेंट माना जा रहा है। इस दौरान अभिनेता का काफी शांत अंदाज में नजर आए जो कि लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मोहन भागवत से मुलाकात ने बढ़ाई उत्सुकता
नागपुर दौरे के दौरान रणवीर सिंह ने संघ प्रमुख मोहन भागवत से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि ये मुलाकात संघ मुख्यालय में हुई, लेकिन बातचीत किन मुद्दों पर हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
इससे पहले भी रणवीर सिंह संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दे चुके हैं, जिससे उनका यह दौरा और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
नागपुर में स्मृति मंदिर परिसर में रणवीर सिंह की मौजूदगी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फैंस उनके इस नए और गंभीर रूप को देखकर हैरान नजर आए। आमतौर पर अपने रंगीन और अनोखे फैशन के लिए पहचाने जाने वाले रणवीर इस बार बेहद सादगीपूर्ण अंदाज में दिखाई दिए।

उनकी इस यात्रा को लेकर लोगों के बीच जिज्ञासा भी बढ़ गई है कि आखिर इस मुलाकात के पीछे क्या संदेश छिपा हो सकता है।
‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता
रणवीर सिंह का ये दौरा ऐसे समय में सामने आया है जब उनकी फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने देशभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि वैश्विक स्तर पर इसकी कमाई 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इस फिल्म में उनके साथ कई दिग्गज कलाकार भी नजर आए हैं।
फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि इस फिल्म की सफलता ने रणवीर सिंह के करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है और उन्हें इंडस्ट्री के शीर्ष सितारों की कतार में मजबूती से स्थापित कर दिया है।
सार्वजनिक छवि में नया बदलाव?
विश्लेषकों का कहना है कि नागपुर का यह दौरा केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं बल्कि रणवीर सिंह की बदलती सार्वजनिक छवि का संकेत भी हो सकता है। लगातार बड़ी फिल्मों की सफलता और प्रभावशाली सार्वजनिक उपस्थितियों के बीच उनका यह कदम भविष्य में उनके व्यक्तित्व के नए आयामों की ओर इशारा करता नजर आ रहा है।
फिलहाल, इस मुलाकात का असली उद्देश्य भले ही स्पष्ट न हुआ हो, लेकिन इतना तय है कि रणवीर सिंह का यह दौरा आने वाले दिनों में चर्चा का विषय बना रहेगा।


