हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर की बात सुन तिलमिला जाएंगे सलमान आगा! खेलने की बजाय दिया ये ऑप्शन

हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर की बात सुन तिलमिला जाएंगे सलमान आगा! खेलने की बजाय दिया ये ऑप्शन

India vs Pakistan T20 World Cup 2026: भारत से 61 रनों की हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया (Danish Kaneria) ने एक्स पर लिखा “बहिष्कार कम शर्मनाक हो सकता था।” यह टिप्पणी उस समय आई जब पाकिस्तान ने पहले बहिष्कार की घोषणा की, फिर यू-टर्न लेकर मैच खेला और बुरी तरह मुंह की खानी पड़ी। कप्तान सलमान अली आगा के लिए यह बड़ा झटका है।​​​​​​​​​​​​​​​​ 

India vs Pakistan T20 World Cup 2026: कोलंबो में भारत के खिलाफ 61 रनों की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया (Danish Kaneria) ने टीम पर तीखा प्रहार किया है। कनेरिया ने एक्स पर पाकिस्तान के टी20 विश्व कप 2026 में भारत के सामने घुटने टेकने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ईमानदारी से कहूं तो बॉयकॉट कम शर्मनाक होता।” कनेरिया का यह बयान पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गया है।

Picture Credit: X (@Danish Kaneria61)

गौरतलब है कि मैच से पहले पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ खेल का बहिष्कार करने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में थूककर चाटने के मुहावरे का उदाहरण पेश करते हुए मैच खेलने का फैसला किया। कनेरिया ने इसी संदर्भ में व्यंग्य से भरा ट्वीट किया और एक ही तीर से पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड की राजनीति और टीम के प्रदर्शन दोनों को निशाना बनाया।

इसके अलावा वकार यूनिस ने कहा, “पाकिस्तान पहली पारी में मैच हार गया था। 175 रन पाकिस्तान की पहुंच से बाहर थे। अगर भारत ने 175 के बजाय 140 या 150 रन बनाए होते, तो पाकिस्तान के लिए चीजें अलग हो सकती थीं। हम हमेशा से जानते थे कि पाकिस्तान की बैटिंग अच्छी नहीं है। गेंद घूम रही थी, और सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी में स्मार्ट बदलाव किए। उन्होंने नई बॉल हार्दिक पांड्या को दी। जसप्रीत बुमराह हमेशा की तरह शानदार थे, स्टंप्स पर अटैक कर रहे थे, गेंद को स्विंग और सीम कर रहे थे। उसके बाद पाकिस्तान के लिए बहुत मुश्किल हो गई। जब आप देखते हैं कि पाकिस्तानी बॉलर्स को कितनी स्पिन मिली, तो मुझे नहीं लगता कि उन्होंने उसका उतना अच्छा इस्तेमाल किया जितना इंडिया ने किया।”

यूनिस ने कहा, “सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक को जल्दी गेंद न देकर गलती की। तारिक शानदार थे। उन्होंने एक विकेट लिया और सिर्फ 24 रन दिए। हम उनके बारे में बात लंबे समय से कर रहे थे, लेकिन उन्हें बहुत देर तक रोके रखा गया। जब तक उन्हें गेंद मिली, ईशान किशन पहले ही नुकसान कर चुके थे। गेंदबाजों का सही इस्तेमाल आगा नहीं कर पाए।”

मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के 40 गेंदों पर बनाए गए विस्फोटक 77 रन, सूर्यकुमार यादव के 32, शिवम दुबे के 27, और तिलक वर्मा के 25 रन की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए। ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *