Bangladesh Election: चुनावों में मिली हार के बाद भड़की जमात-ए-इस्लामी पार्टी, भारत को लेकर कही ये बात

Bangladesh Election: चुनावों में मिली हार के बाद भड़की जमात-ए-इस्लामी पार्टी, भारत को लेकर कही ये बात

Bangladesh Election: बांग्लादेश में आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को बहुमत मिलने के बाद विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी पार्टी ने परिणामों पर असंतोष जताया है। पार्टी ने चुनावी नतीजों की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता संदिग्ध प्रतीत होती है।

जमात-ए-इस्लामी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 11-दलीय गठबंधन के उम्मीदवारों की बेहद करीबी मुकाबलों में हुई हार और नतीजों में बार-बार सामने आई अनियमितताओं ने चुनाव की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश चुनाव आयोग समय पर मतदान प्रतिशत जारी करने में विफल रहा और प्रशासन के एक वर्ग का रुख सत्तारूढ़ दल के पक्ष में झुका हुआ दिखा।

शांति बनाए रखने की अपील

पार्टी ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने और 11-दलीय गठबंधन के आधिकारिक कार्यक्रम की प्रतीक्षा करने की अपील की है। वहीं पार्टी के सहयोगी संगठन एनसीपी ने भी सख्त रुख अपनाया है। 

बता दें कि यह संगठन छात्र नेताओं द्वारा गठित बताया जाता है, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन में भूमिका निभाई थी। आंदोलन के दौरान NCP ने भारत के प्रति आलोचनात्मक रुख भी व्यक्त किया था।

NCP के नेता असनत अब्दुल्ला ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि यदि बांग्लादेश को अस्थिर किया गया तो विरोध की आग सीमाओं से बाहर तक फैल सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो ताकतें बांग्लादेश को अस्थिर कर रही हैं, उन्हें यदि पड़ोसी देशों में शरण मिलती है, तो उसके जवाब में वे भी “सेवन सिस्टर्स” क्षेत्र के अलगाववादियों को समर्थन दे सकते हैं।

शनिवार को शपथ ले सकते हैं रहमान

पीटीआई समाचार एजेंसी के अनुसार, बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान शनिवार को पीएम पद की शपथ ले सकते हैं। बता दें कि बीएनपी ने शुक्रवार को आम चुनावों में जीत का दावा किया, जो अगस्त 2024 में अवामी लीग शासन के पतन के बाद कार्यभार संभालने वाले अंतरिम प्रशासन की जगह लेने के लिए निर्धारित हैं।

BNP ने बताई लोकतंत्र की जीत

वहीं बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य सैरुल कबीर खान ने पार्टी की जीत को लोकतंत्र की जीत और बांग्लादेश के लिए एक बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है, यह बांग्लादेश की जीत है। लंबे समय से, बीएनपी हमारे अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व में एक लोकतांत्रिक आंदोलन का हिस्सा रही है। इसी नेतृत्व ने हमें यह सफलता दिलाई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *