जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र के कुतुलूपुर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक घटना सामने आई है। इसमें पहले प्रेमिका ने जहर खाकर आत्महत्या की, और अगले ही दिन उसके वियोग में प्रेमी ने गुजरात के सूरत में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। कुतुलूपुर निवासी लगभग 20 वर्षीय युवती ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया।
बताया गया है कि मृतका का गांव के ही 21 वर्षीय नीशू पुत्र महेश के साथ प्रेम संबंध था। नीशू काम के सिलसिले में गुजरात के सूरत जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक के बाहर जाने की बात युवती को पसंद नहीं आई, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। युवती की मौत की खबर सूरत में मौजूद नीशू को मिली तो वह गहरे सदमे में आ गया। बताया जा रहा है कि मानसिक आघात के कारण युवक ने बुधवार को सूरत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस सूचना के बाद दोनों परिवारों में दुख का माहौल और बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलने पर कुठौंद थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने परिजनों से मुलाकात की और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध और उनके वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सच्चाई सामने लाई जाएगी।


