कर्नाटक में बेलगावी जिले के उक्कड़ गांव में खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उक्कड़ गांव में एक शख्स ने अपनी 15 दिन की बच्ची को जहर देकर मार दिया और फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को बेटे की चाहत थी, लेकिन उसके घर बेटी पैदा हो गई। आरोपी इस बात से परेशान था और बच्ची को किसी भी तरह से रास्ते से हटाने का प्रयास कर रहा था। मौका पाते ही आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी।
बच्ची को दूध में जहर मिलाकर पिलाया
पुलिस के मुताबिक, बेटी पैदा होने के बाद आरोपी भीमराय चिप्पडी की पत्नी शीला अपने मायके चली गई थी। शीला मायके में बच्ची के साथ रह रही थी। इसी बीच भीमराय 17 मार्च को पत्नी और बेटी से मिलने के लिए ससुराल गया। जब आरोपी ससुराल पहुंचा तो उसकी पत्नी शीला बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने अच्छा मौका देखकर बच्ची की दूध की बोतल में जहरीला पदार्थ मिला दिया। जहरीला दूध पीते ही बच्ची जोर-जोर से रोने लगी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। बच्ची की आवाज से आरोपी की पत्नी शीला की नींद खुल गई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बच्ची की मौत
रोती-चीखती बच्ची को परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसने मां की गोद में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी भीमराय अपनी पत्नी शीला पर पहले से ही दबाव बना रहा था कि वह बच्ची को अपने मायके में छोड़ दे। भीमराय को बेटे की चाहत थी, लेकिन बेटी पैदा हुई थी। इसलिए वह पत्नी से भी नाराज था।
पत्नी की शिकायत पर पति गिरफ्तार
नवजात बच्ची की मौत के बाद आरोपी भीमराय की पत्नी शीला ने काकती पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शीला की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भीमराय को गिरफ्तार कर लिया और हिंडाल्गा जेल भेज दिया। पुलिस कमिश्नर भूषण बोरसे ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है। आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।


