पाकिस्तान की हार के बाद अपनों में पड़ी फूट! शाहिद अफरीदी ने दामाद को सरेआम लताड़ा

पाकिस्तान की हार के बाद अपनों में पड़ी फूट! शाहिद अफरीदी ने दामाद को सरेआम लताड़ा

Shaheen Afridi Performance vs India: भारत के खिलाफ शाहीन अफरीदी ने 2 ओवर में 31 रन लुटाए, जबकि हार्दिक-बुमराह ने मिलकर 5 ओवर की गेंदबाजी की और 33 रन ही खर्च किए। 

Shahid Afridi on Shaheen Shah Afridi: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हरा दिया। इस मुकाबले में पाकिस्तान कहीं भी भारत के सामने नहीं टिक सका। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने स्पिन ट्रैक पर 175 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके टॉप के चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ही ढेर हो गई।

20 ओवर भी नहीं टिक पाई पाकिस्तान

साहिबजादा फरहान तो खाता भी नहीं खोल सके और चौथी गेंद पर ही पवेलियन लौट गए। सलमान आगा और बाबर आजम भी 10 रन का आंकड़ा नहीं छू सके। उस्मान खान ने 34 गेंदों में 44 रनों की पारी जरूर खेली, लेकिन इसके बाद पाकिस्तान के विकेट लगातार गिरते चले गए और 18 ओवर में पूरी टीम सिमट गई।

इस दौरान पाकिस्तान के पेसर की तुलना में भारतीय तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान ने 20 में से 18 ओवर स्पिनरों से डलवाए, जबकि सिर्फ दो ओवर शाहीन अफरीदी ने किए। दूसरी ओर हार्दिक पंड्या ने तीन ओवर और जसप्रीत बुमराह ने दो ओवर डाले। दोनों ने मिलकर पांच ओवर की गेंदबाजी में चार विकेट चटकाए और सिर्फ 33 रन खर्च किए।

अफरीदी पर भड़के ससूर

वहीं शाहीन अफरीदी ने अपने दो ओवर में 31 रन लुटा दिए। इसके बाद उनके ससुर और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी नाराज नजर आए। अफरीदी इतने भड़क गए कि उन्होंने शाहीन अफरीदी को टीम से बाहर करने तक की बात कह दी। एक टीवी शो में अफरीदी ने कहा, “अगर फैसला मेरे हाथ में होता तो मैं शाहीन को भी बाहर बैठाता, बाबर को भी और शादाब को भी। मैं नए खिलाड़ियों को मौका देता।”

बता दें कि पाकिस्तान की भारत के खिलाफ यह लगातार छठी टी20 हार है। पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2022 एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में हराया था। हालांकि भारत के खिलाफ इस हार के बावजूद पाकिस्तान की सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है। अगर वह अपना आखिरी मुकाबला नामीबिया के खिलाफ जीत लेता है, तो वह अगले दौर में पहुंच जाएगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *