Fauda Lior Raz on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इजरायल के दौरे पर हैं। इजरायल दौरे के दौरान उनकी मुलाकात मशहूर इजरायली शो ‘फौदा’ की टीम से हुई। बीते गुरुवार को पीएम मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर Israeli Series ‘Fauda’ की टीम के साथ उनकी एक फोटो भी शेयर की है। ANI से बात करते हुए, ‘फौदा’ सीरीज में लीड रोल निभाने वाले लियोर राज ने पीएम मोदी से मुलाकात के अपने अनुभव के बारे में बताया और भारत में अभिनय, निर्माण और कला को दिए जा रहे उनके समर्थन की सराहना की।
लियोर राज ने पीएम मोदी के लिए कहा…
लियोर राज ने कहा, “भारत जैसे विशाल देश के प्रधानमंत्री से मिलना हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान और अद्भुत था। हम जानते हैं कि इंडिया में हमारे शो के बहुत सारे दर्शक हैं, और आपके प्रधानमंत्री से यह सम्मान पाना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि वो आपके देश में अभिनय, निर्माण और कला को किस तरह से सपोर्ट करते हैं। मुझे लगता है कि हमें भी अपने देश में ऐसा करना सीखना चाहिए।”
एक्टर ने आगे कहा, “हम दोबारा साथ काम करना पसंद करेंगे। नेटफ्लिक्स ने गोवा फिल्म फेस्टिवल में मेरे शो ‘फौदा’ का प्रीमियर किया था, हम वापस आकर इसे दोबारा करना चाहेंगे।”
पीएम मोदी ने शेयर की फोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इजराइल यात्रा के दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पॉपुलर इजराइली सीरीज ‘फौदा’ के एक्टर्स से मुलाकात की फोटो शेयर की। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा,
“शुक्र है, इस मुलाकात में सिर्फ एक सेल्फी की जरूरत पड़ी, कोई गुप्त काम नहीं! #फौदा।” फोटो पर कमेंट करते हुए राज ने लिखा, “धन्यवाद प्रधानमंत्री जी, यह हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान था।”
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स हो चुके हैं। इतने फॉलोवर्स के साथ वो दुनिया के टॉप पॉपुलर नेताओं की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं।
फौदा सीरीज के बारे में…
गौरतलब है कि फौदा सीरीज के अभी तक चार सीजन आ चुके हैं। इसका पहला सीजन 2015 में प्रसारित हुआ था। सोनी लिव की सीरीज ‘तनाव’, फौदा का हिंदी वर्जन है।


