मलाड हिंसा के बाद गरजा बुलडोजर, दंगाइयों के घर जमींदोज, भाजपा नेता ने कहा- आज वहीं पढूंगा हनुमान चालीसा

मलाड हिंसा के बाद गरजा बुलडोजर, दंगाइयों के घर जमींदोज, भाजपा नेता ने कहा- आज वहीं पढूंगा हनुमान चालीसा

मुंबई के मालाड पूर्व स्थित संतोष नगर इलाके में रविवार रात को हिंसक झड़प के बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने दंगों में शामिल आरोपियों के अवैध घरों और दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसके चलते इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल यहां तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। दिंडोशी पुलिस स्टेशन ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है और 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

अवैध घरों और दुकानों पर चला जेसीबी

हिंसा के बाद बजरंग दल और स्थानीय नागरिकों ने मांग की थी कि उपद्रवियों के अवैध ठिकानों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। सोमवार दोपहर बीएमसी की टीम भारी पुलिस बंदोबस्त और जेसीबी के साथ संतोष नगर पहुंची। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई उन अनधिकृत निर्माणों पर की जा रही है, जिनकी शिकायतें पहले से प्राप्त थीं। हालांकि, इसे दंगाइयों के खिलाफ एक बड़े कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

धार्मिक कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद, झड़प में बदला

यह पूरा मामला संतोष नगर में रविवार देर रात हुए धार्मिक आयोजन से जुड़ा है। इलाके में देवी माता मंदिर में पूजा और फिर शोभा यात्रा निकाली गई थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान लाउडस्पीकर पर तेज आवाज में भक्ति गीत बजाए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ी कि दिंडोशी पुलिस स्टेशन को दलबल के साथ मौके पर आना पड़ा और लाठीचार्ज करना पड़ा।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हुआ हमला!

पूर्व भाजपा पार्षद विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि इलाके के कुछ असामाजिक तत्वों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। यहां तक कि एक नाबालिग को भी पुलिस ने बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता इलाके में धरने पर बैठ गए। उन्होंने तीन कार्यकर्ताओं के गंभीर रूप से घायल होने का दावा किया है, जिनका इलाज जोगेश्वरी ट्रॉमा केयर अस्पताल में चल रहा है।

बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई केवल दिखावे के लिए हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

इस मामले पर राजनीति भी गरमा गई है। शिवसेना उद्धव गुट के स्थानीय विधायक सुनील प्रभु ने कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

वहीं, भाजपा नेता व पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी और धार्मिक आयोजन में हमले का आरोप लगाया।

किरीट सोमैया बोले- आज वहीं होगा हनुमान चालीसा पाठ

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सोशल मीडिया के जरिए हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों ने मंदिर के कार्यक्रम के दौरान हिंदुओं पर हमला किया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे आज शाम 6 बजे उसी स्थान पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। सोमैया के इस ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।

श्रीराम का नाम लेते है और हिंसा करते हैं- कांग्रेस नेता

कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने कहा, “श्रीराम का नारा लगाने से विवाद होने का सवाल ही नहीं उठता है। ये लोग जाकर जानबूझकर मुस्लिम बस्ती में या वहां जो मस्जिद रहती है, वहां जाकर जानबूझकर गड़बड़ी करते हैं। श्रीराम से मुसलमानों का विरोध होने का सवाल ही नहीं है। श्रीराम के बारे में अल्लामा इकबाल साहब ने बहुत बड़ी बात कही है, उन्हें इमाम ए हिंद कहा है, मुसलमान श्रीराम का आदर करते हैं, ये लोग श्रीराम का नाम लेकर हिंसा करते है…”

सुरक्षा कड़ी, हालात पर प्रशासन की नजर

फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है और आगे भी कानून के मुताबिक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *