सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली उस समय मातम में बदल गया जब दो पक्षों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करने आई एक वृद्ध महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी परसदा के अंतर्गत आने वाले सुर्जनपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात गांव के दो पक्षों के बीच नशे की हालत में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि अमरजीत और रंजीत पुत्र प्रेमादेवी का गांव के ही दीनदयाल, ऊदल, मायाराम और मुनेन्द्र पुत्र रामगोपाल से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान झगड़े को शांत कराने के लिए अमरजीत और रंजीत की मां प्रेमा देवी बीच-बचाव करने पहुंच गईं। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हंसिये से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मां को बचाने के लिए जब उनके पुत्र रंजीत और अमरजीत आगे बढ़े तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान प्रेमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों पुत्रों को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (हंसिया) भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


