आगरा में श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत करने वाली गीता गोविंद वाटिका के तर्ज पर अब शिव वाटिका भी विकसित होगी। जिस तरह से गीता गोविंद वाटिका में भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों और उनकी लीलाओं का सजीव चित्रण किया गया है, उसी तरह से शिव वाटिका में शिव पुराण पर आधारित भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों और उनकी लीलाओं का सजीव चित्रण होगा।
इसके लिए नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने ताजनगरी स्थित जोनल पार्क में गीता गोविंद वाटिका विकसित की है। यहां श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत किया गया है। महाभारत के कुरुक्षेत्र में हुए युद्ध के किरदारों को प्रस्तुत किया गया है। इतना ही नहीं लाइट एंड साउंड के बीच फाउंटेन शो के माध्यम से श्रीकृष्ण की लीलाओं को दिखाया जा रहा है।
एडीए के बाद अब नगर निगम भी एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रहा है। गीता गोविंद वाटिका की तर्ज पर अब यमुना किनारे स्थित ऐतिहासिक बल्केश्वर मंदिर के पास बल्केश्वर पार्क में शिव वाटिका विकसित की जाएगी। नगर निगम ने इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के अनुसार, इस वाटिका का मुख्य आकर्षण भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों और उनकी लीलाओं का सजीव चित्रण होगा। पार्क में स्थापित की जाने वाली मूर्तियों के माध्यम से शिव पुराण के प्रमुख प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। यहां एक आधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो की व्यवस्था की जाएगी, जहां प्रकाश और ध्वनि के माध्यम से श्रद्धालु महादेव की महिमा का अनुभव कर सकेंगे। यह अनुभव वैसा ही होगा जैसा वर्तमान में पर्यटक गीता गोविंद वाटिका में श्रीकृष्ण की लीलाओं को देखकर प्राप्त कर रहे हैं।
श्रावण मास में उमड़ती है भीड़
बल्केश्वर महादेव मंदिर शहर का प्रमुख शिवालय है और श्रावण मास में होने वाली प्रसिद्ध शहर परिक्रमा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस पार्क के बन जाने से न केवल परिक्रमा करने वाले भक्तों को विश्राम और शांति का स्थल मिलेगा, बल्कि यह स्थानीय पर्यटन को भी मजबूती देगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि मंदिर के पास स्थित पुराने बल्केश्वर पार्क को एक ऐसे अत्याधुनिक केंद्र में बदला जाए।


