झांसी में गैंगरेप के बाद नाबालिग छात्रा की हत्या:घर के अंदर खींचकर वारदात की, शव कुएं में फेंका, पुलिस ने पैर में गोली मार 2 आरोपी पकड़े

झांसी में गैंगरेप के बाद नाबालिग छात्रा की हत्या करने वाले दो दरिंदों का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। उनको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। 2 अप्रैल को पीड़िता घर से बिना बताए एक युवक को पैसे भेजने गई थी। वापस लौटते समय दोनों आरोपियों ने उसे अकेला देखकर अपने घर के अंदर खींच लिया। दोनों ने उसका रेप किया। तब छात्रा कहने लगी कि घर जाकर मां को सबकुछ बता दूंगी। इससे डरकर दोनों ने उसका दुपट्‌टे से गला घोंट दिया और शव कुएं में फेंक दिया था। 7 अप्रैल को कुएं से लाश बरामद हुई थी। आरोपियों के पास से छात्रा का मोबाइल समेत 3 फोन, 2 तमंचा, कारतूस आदि बरामद हुए हैं। पूरा मामला उल्दन थाना क्षेत्र का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए फोन पर बात करते हुए देखा था उल्दन थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 साल की लड़की 11वीं कक्षा पास करके इस साल 12वीं में आई थी। अभी वह मऊरानीपुर में कंप्यूटर की कोचिंग पढ़ती थी। 2 अप्रैल को घरवाले खेत पर गए थे। दोपहर लगभग 12 बजे छात्रा बिना बताए घर से निकली थी। रानीपुर तिगैला पर जाकर उसने एक युवक को 300 रुपए भेजे और फिर घर लौट रही थी। मगर घर नहीं पहुंची। खेत से घर लौटे परिजनों को छात्रा घर पर नहीं मिली तो कॉल लगाया। तब नंबर स्विच ऑफ था। तब आसपास के एरिया और रिश्तेदारी में पता किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। तब उल्दन थाने में केस दर्ज कराया। 7 अप्रैल को पीड़िता के घर से लगभग 500 मीटर दूर बने पुराने कुआं में से बदबू आई। जब लोगों ने जाकर देखा तो अर्दनग्न हालत में छात्रा की लाश पड़ी थी। मुंह और गले में दुपट्‌टा कसा हुआ था। गांव में डेरा डाले थी पुलिस एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- छात्रा का शव मिलने के बाद पुलिस और स्वाट टीम गांव में डेरा डाले थी। परिजनों ने जिन युवकों पर शक जताया था, उसकी भूमिका नहीं मिली। मुखबिर ने सूचना दी कि निमौनी गांव के शैलेंद्र अहिरवार (28) और ठाकुरदास रायकवार (28) ने वारदात की है। दोनों ही अपने घर से फरार थे। तब से पुलिस उनके पीछे लगी थी। शनिवार देर रात 12:30 बजे दोनों के निमौनी रपटा पुल पर होने की सूचना मिली। इस पर स्वाट टीम प्रभारी जितेंद्र तक्खर और उल्दन थाना प्रभारी जेपी यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाब में फायर किया। इनमें से दोनों बदमाशों के पैर में गोली जा लगी। इससे दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। दोनों आरोपियों ने गैंगरेप के बाद हत्या करने की बात कबूली है। कुएं से 20 मीटर दूर है ठाकुरदास का घर जिस कुएं में छात्रा की लाश मिली थी, उससे लगभग 20 मीटर दूर ही आरोपी ठाकुरदास का घर है। पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल को घर पर ठाकुरदास और उसका दोस्त शैलेंद्र अहिरवार मौजूद थे। घर पर और कोई नहीं था। छात्रा को अकेला जाते देख दोनों ने जबरन उसे घर के अंदर खींच लिया। दोनों ने जबरन उसके साथ रेप किया। तब छात्रा कहने लगी कि घर जाकर मां को सबकुछ बता दूंगी। इससे डरकर दोनों ने दुपट्‌टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। फिर शव को कुएं में फेंक दिया था। पिता की 10 साल पहले मौत हो गई छात्रा अपने परिवार के साथ रहती थी। 4 भाई बहनों में वह सबसे बड़ी थी। उससे छोटी दो बहन और एक भाई है। पिता की लगभग 10 साल पहले मौत हो गई थी। अब मां ही बच्चों का भरण पोषण कर रही थी। छात्रा की मौत के बाद घर में मातम का माहौल बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *