T20 World Cup 2026: बांग्लादेश को टी20 विश्व कप 2026 से बाहर किए जाने के इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के फैसले का पाकिस्तान ने खुलाकर विरोध किया है। इस फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने आईसीसी पर ‘दोहरे मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाते हुए यहां तक संकेत दे दिया है कि पाकिस्तान भी टूर्नामेंट से हट सकता है। हालांकि, आईसीसी ने इस पूरे मामले को लेकर पीसीबी को कड़ी चेतावनी दी है।
पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला सरकार करेगी
आईसीसी द्वारा बांग्लादेश को आधिकारिक तौर पर विश्व कप से बाहर किए जाने के बाद मोहसिन नक़वी ने कहा कि पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि आईसीसी एक देश को अपनी सुविधा के मुताबिक फैसले लेने की छूट देता है, जबकि दूसरे देशों के लिए नियम अलग कर दिए जाते हैं। नक़वी के मुताबिक, बांग्लादेश एक बड़ा स्टेकहोल्डर है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।
बांग्लादेश के साथ गलत हुआ है
पीसीबी अध्यक्ष ने यह सवाल भी उठाया कि जब आईसीसी ने पाकिस्तान और भारत के मामलों में वेन्यू बदलने जैसे फैसले लिए थे, तो बांग्लादेश के लिए वही नीति क्यों नहीं अपनाई गई। नक़वी ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सीधे तौर पर आईसीसी के अधीन नहीं है, बल्कि वह पाकिस्तान सरकार के प्रति जवाबदेह है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फिलहाल विदेश यात्रा पर हैं और उनके लौटने के बाद ही सरकार इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेगी, जिसे बोर्ड को मानना होगा।
पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो इस टीम को मिलेगा मौका
इन बयानों के बाद यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान के टी20 विश्व कप 2026 में खेलने को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जाएगा। ऐसी स्थिति में युगांडा को मौका मिल सकता है।
ग्रुप ए में होगा बदलाव
यदि पाकिस्तान की जगह युगांडा को शामिल किया जाता है, तो उसे ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ रखा जा सकता है। युगांडा ने वेस्टइंडीज और अमेरिका में आयोजित पिछले टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया था, हालांकि वह ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका था।
ICC ऐसे चुनता है टीमों को
विश्व कप से किसी टीम के हटने की स्थिति में आईसीसी आमतौर पर टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग को आधार बनाकर नई टीम का चयन करता है। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला भी इसी प्रक्रिया के तहत लिया गया था। स्कॉटलैंड फिलहाल आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 14वें स्थान पर है, जबकि युगांडा 21वें स्थान पर मौजूद है और पापुआ न्यू गिनी से ऊपर है। यही वजह है कि अगर पाकिस्तान टी20 विश्व कप से हटता है, तो युगांडा को टूर्नामेंट में जगह मिलने की संभावना बन सकती है।


