AFG vs UAE: अफगानिस्तान ने यूएई हराकर सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखीं, राशिद खान ने रचा इतिहास

AFG vs UAE: अफगानिस्तान ने यूएई हराकर सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखीं, राशिद खान ने रचा इतिहास

AFG vs UAE Match Highlights: अफगानिस्‍तान ने आज सोमवार को दिल्‍ली में यूएई के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की है। यह टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में अफगानिस्‍तान की पहली जीत है, जो दो मुकाबले हारने के बाद आई है। 

AFG vs UAE Match Highlights: टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में आज सोमवार 16 फरवरी को पहला मुकाला अफगानिस्‍तान और यूएई के बीच खेला गया। ग्रुप डी के इस मुकाबले में यूएई ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। इसके जवाब में अफगानिस्‍तान ने पांच विकेट के नुकसान पर 4 गेंद शेष रहते लक्ष्‍य को हासिल करते हुए टूर्नामें में पहली जीत दर्ज की। इसके साथ ही वह सुपर-8 की रेस में बनी हुई है।

सोहेब खान ने जड़ा शानदार अर्धशतक

यूएई ने दिल्‍ली के अरुण जेटली स्‍टेडियम में पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 160 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे। यूएई की ओर से सोहेब खान ने सर्वाधिक 48 गेंदों पर छह चौके और चार छक्‍कों की मदद से 68 रन तो अलीशान शराफू ने 31 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्‍के की मदद से 40 रन की पारी खेली। इसके अलावा अन्‍य कोई बल्‍लेबाज 15 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। अफगानिस्‍तान की ओर से अजमतुल्‍लाह उमरजई ने चार विकेट तो मुजीब उर रहमान ने दो विकेट चटकाए।

उमरजई का हरफनमौला प्रदर्शन

161 रन के टारगेट का पीछा करते हुए अज़मतुल्लाह उमरजई ने 21 गेंदों में 40 रन बनाए और हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजे गए। इब्राहिम जादरान ने 41 गेंदों में 53 रन बनाकर माहौल बनाया। लेकिन, बीच के ओवरों में कुछ टाइट बॉलिंग ने मैच को आखिरी ओवर तक खींच दिया। उनकी जीत ने साउथ अफ्रीका को 6 पॉइंट्स के साथ सुपर 8 में अपनी जगह पक्की करने में मदद की। हालांकि अफगानिस्तान सुपर 8 की रेस में बना हुआ है, लेकिन किस्मत उनके हाथ में नहीं होगी।

राशिद खान ने रचा इतिहास

अफगानिस्तान के कप्‍तान राशिद खान 700 T20 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्‍होंने एसए20 2025 के दौरान सबसे ज़्यादा T20 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा था। अब उन्‍होंने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह 700 विकेट के आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। यूएई के खिलाफ उनके नाम 699 विकेट दर्ज थे। राशिद ने यूएई की पारी के 16वें ओवर में मुहम्मद अरफान को आउट करते ही ये बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।

अफगानी ऑलराउंडर T20s में विकेट लेने की लिस्ट में काफी आगे हैं, उनके बाद ड्वेन ब्रावो हैं, जिन्होंने 631 विकेट लिए हैं। जबकि सुनील नरेन 574 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इसके अलावा राशिद खान टी20 इंटरनेशनल में भी सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *