फर्रुखाबाद में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का विरोध:अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा

फर्रुखाबाद में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का विरोध:अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा

फर्रुखाबाद में अधिवक्ताओं ने फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने और इसके निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि यह फिल्म एक विशिष्ट समुदाय की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने तथा समाज में भ्रम एवं आक्रोश उत्पन्न करने की मंशा से निर्मित की गई है। फिल्म के निर्माता संदीप तोमर बताए जा रहे हैं। अधिवक्ताओं ने कहा कि ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नामक यह फिल्म यादव समाज की छवि को नकारात्मक एवं आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत करती है। फिल्म का शीर्षक, कथानक और प्रस्तुति यह दर्शाती है कि इसका उद्देश्य एक विशिष्ट समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की सामग्री न केवल यादव समाज की भावनाओं को आहत करती है, बल्कि सामाजिक सौहार्द, शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती उत्पन्न कर सकती है। वर्तमान में समाज के विभिन्न वर्गों में तीव्र रोष व्याप्त है, जिससे स्थिति संवेदनशील होती जा रही है। ज्ञापन के माध्यम से जन भावनाओं और विधि व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए फिल्म के प्रदर्शन और प्रसारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही, फिल्म के निर्माता, निर्देशक एवं संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। अधिवक्ताओं ने भविष्य में किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री पर प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण हेतु आवश्यक एवं ठोस कदम उठाने की भी मांग की। यह विरोध प्रदर्शन वीर अहीर निर्माण सेवा की प्रदेश अध्यक्ष कंचन यादव के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान रोहित यादव एडवोकेट और यादव सेना के कानपुर मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *