Ahmedabad महानगरपालिका (मनपा) के प्लास्टिक मुक्त अहमदाबाद बनाने के लिए किए गए प्रयासों की गुजरात हाई कोर्ट ने सराहना की है। हाल ही में कोर्ट ने राज्य के अन्य बड़े शहरों सूरत, राजकोट और वडोदरा को भी अहमदाबाद के प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन मॉडल को अपनाने का सुझाव दिया है।
मनपा के अनुसार शहर में प्लास्टिक वेस्ट के संग्रहण और पुनःप्रसंस्करण के लिए गहन कार्रवाई की है, जिसमें 120 माइक्रोन से पतली प्लास्टिक थैलियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है।
मनपा के कड़े अभियान के तहत पिछले एक साल में 1.48 लाख से अधिक इकाइयों को नोटिस जारी किए गए और 4.29 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, 9,626 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त कर नष्ट किया गया है। विशेष रूप से, बाजारों और छोटे दुकानदारों पर निगरानी बढ़ाई गई है, और नियम उल्लंघन पर जुर्माना वसूला जा रहा है।


