25 लाख रुपए की मिलावटी शहद बरामद:अंतर्राज्यीय आपूर्ति से पहले गोदाम पर छापा, दूसरे राज्यों से लाया गया था

25 लाख रुपए की मिलावटी शहद बरामद:अंतर्राज्यीय आपूर्ति से पहले गोदाम पर छापा, दूसरे राज्यों से लाया गया था

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग की टीम ने मंगलवार को गढ़ रोड पर नवीन मंडी के पास स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब चार टन शहद बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई जा रही है। मंगलवार की देर शाम सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची थी। एफएसडीए अधिकारियों को सूचना मिली थी कि इस गोदाम में दूसरे राज्य से बड़ी मात्रा में शहद लाकर उसकी ट्रेडिंग की जा रही है और इसे अन्य राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि यह शहद तुंगनाथ ट्रेडर्स के संचालक अंकित गर्ग द्वारा हरियाणा से प्लास्टिक केन में खरीदकर लाया गया था। यहां से इसकी ट्रेडिंग कर आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बिक्री की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान शहद के किसी भी केन पर न तो कोई ब्रांड मार्का था और न ही पैकेजिंग से जुड़े आवश्यक नियमों का पालन किया गया था। शहद पर न तो निर्माण तिथि अंकित थी और न ही एक्सपायरी डेट या आवश्यक लेबल मौजूद था। पैकेजिंग एवं लेबलिंग नियमों की अनदेखी से यह आशंका जताई गई कि शहद मिलावटी हो सकता है। इसी आधार पर टीम ने मौके से शहद के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। एफएसडीए ने नमूनों की रिपोर्ट आने तक गोदाम में रखे पूरे शहद को सील कर दिया है, ताकि इसकी बिक्री बाजार में न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट में शहद मिलावटी पाया गया तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *