Adnan Shaikh On Wife Hijab: मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘बिग बॉस’ फेम अदनान शेख अपनी शादी के बाद से ही लगातार सुर्खियों और विवादों में बने हुए हैं। साल 2024 में अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड रिद्धि (अब आयशा) के साथ निकाह करने के बाद से ही उन पर पत्नी का जबरन धर्म परिवर्तन कराने और उन्हें हिजाब में रखने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। अब इन तमाम विवादों और ट्रोलिंग पर अदनान का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने काफी सख्त लहजे में अपना पक्ष रखा है।
अदनान शेख ने पत्नी के धर्म पर किया खुलासा (Adnan Shaikh On Wife Conversion And Hijab)
हाल ही में एक इंटरव्यू में अदनान से पूछा गया कि क्या उन्होंने अपनी पत्नी को हिजाब और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया है? ये सुनकर वह काफी गुस्सा हो गए। अदनान ने दो टूक शब्दों में कहा, “लोगों को जो बोलना है बोलने दें, मुझे फर्क नहीं पड़ता। यह मेरी जिंदगी है और मैं इसे अपने हिसाब से जिऊंगा। जिन लोगों को मेरी पत्नी के पर्दे से दिक्कत है, वह अपनी मां-बहनों को दुनिया को दिखा सकते हैं, लेकिन मैं अपनी पत्नी का चेहरा किसी को नहीं दिखाऊंगा।”

अदनान ने पर्दे को लेकर दिया धार्मिक तर्क (Adnan Shaikh Reaction On Trolling)
अदनान ने हिजाब के महत्व पर बात करते हुए काफी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उनके धर्म में पर्दे की बहुत अहमियत है और जो महिलाएं पर्दा नहीं करतीं, उनके लिए जन्नत की राह आसान नहीं होगी। उन्होंने मर्दों की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा, “मैं खुद एक लड़का हूं और मुझे अच्छी तरह पता है कि बाहर आदमी औरतों को किस नजर से देखते हैं। अगर किसी औरत को यह पता चल जाए कि उसे किस नजर से देखा जा रहा है, तो वह कभी बिना खुद को ढके घर से बाहर नहीं निकलेगी।” अदनान का मानना है कि वह ‘दीन’ (धर्म) और दुनिया को बैलेंस करके चल रहे हैं।

धर्म परिवर्तन पर भी दी सफाई (Adnan Shaikh Wife Hijab in Wedding)
शादी के समय अदनान की पत्नी रिद्धि ने इस्लाम कबूल कर अपना नाम ‘आयशा’ रख लिया था। इस पर हुए ‘लव जिहाद’ के दावों को खारिज करते हुए अदनान ने कहा कि उनकी पत्नी ने शादी से काफी पहले अपनी मर्जी से धर्म बदला था। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां किसी से भी जबरदस्ती धर्म परिवर्तन नहीं कराया जा सकता। उन्होंने साफ किया कि यह आयशा का अपना निजी फैसला था।
शादी में भी पहना था अदनान की पत्नी ने हिजाब
गौरतलब है कि अदनान और आयशा की शादी में भी उनकी पत्नी का चेहरा किसी ने नहीं देखा था। आएशा ने भारी नकाब पहन रखा था और सोशल मीडिया पर डाली गई तस्वीरों में भी अदनान ने उनका चेहरा इमोजी से छुपा दिया था। अदनान के इस व्यवहार को लेकर इंटरनेट दो धड़ों में बंटा हुआ है- जहां कुछ लोग उनके फैसले को प्राइवेसी मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे कट्टरपंथ और रूढ़िवादिता से जोड़कर देख रहे हैं।


