UPPSC (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग) द्वारा एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा 17 और 18 जनवरी को होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आज गुरुवार को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होंगे। अभ्यर्थी https://uppsc.up.nic.in पर जाकर अपने OTR नंबर के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग के अनुसार, एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत चार विषयों (सामाजिक विज्ञान, जीव विज्ञान, अंग्रेजी और शारीरिक शिक्षा) में कुल 1826 पदों पर चयन किया जाना है। सामाजिक विज्ञान में सर्वाधिक 701 पद हैं, जिसमें 561 पुरुष और 140 महिला पद शामिल हैं। इसी तरह जीव विज्ञान में 214 पद, अंग्रेजी में 653 पद और शारीरिक शिक्षा में 258 पद निर्धारित किए गए हैं। 2 दिनों में होगी 4 विषयों की परीक्षा परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 17 जनवरी को सुबह 9 से 11 बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी, जबकि दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक जीव विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 18 जनवरी को सुबह 9 से 11 बजे तक अंग्रेजी और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा चार खंडों में होगी, जिनमें भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र और नागरिक शास्त्र शामिल हैं। प्रत्येक खंड में 60-60 प्रश्न होंगे। अभ्यर्थियों को इनमें से किसी भी दो खंडों का चयन कर उत्तर देना होगा। इसके अलावा 30 प्रश्न सामान्य अध्ययन से पूछे जाएंगे। अन्य विषयों की परीक्षा भी निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी। नकल करते पकड़े गए तो हो सकती है जेल आयोग ने निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति और उसकी छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा। बिना वैध पहचान पत्र के परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा शुरू होने से निर्धारित समय से पहले केंद्र में प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा, जबकि परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। आयोग ने नकल और अनुचित साधनों के प्रयोग को लेकर सख्त चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत नकल या नकल कराने के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर भारी जुर्माने के साथ आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।


