RSSB: थर्ड ग्रेड अध्यापक भर्ती लेवल 1 और लेवल 2 परीक्षा के लिए इस तारीख को जारी होगा एडमिट कार्ड

RSSB: थर्ड ग्रेड अध्यापक भर्ती लेवल 1 और लेवल 2 परीक्षा के लिए इस तारीख को जारी होगा एडमिट कार्ड

RSSB: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की ओर से थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर जरुरी अपडेट सामने आ गया है। इस संबंध में बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि लेवल-1 और लेवल-2 दोनों परीक्षाओं के एडमिट कार्ड 12 जनवरी 2026 को जारी किए जाएंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर अपनेएडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 17, 18, 19 और 20 जनवरी 2026 को किया जाएगा। परीक्षा दो शिफ्टों में होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

RSSB: जान लें डिटेल्स

प्राइमरी शिक्षक लेवल-1 सामान्य विषय की परीक्षा 17 जनवरी 2026 को सुबह की शिफ्ट में होगी, जबकि प्राइमरी शिक्षक लेवल-1 संस्कृत विषय का पेपर 20 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा बाकि सभी तारीखों में उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती लेवल-2 की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षा 1 से 5 तक के लिए लेवल-1 और कक्षा 6 से 8 तक के लिए लेवल-2 के कुल 7759 पदों पर आवेदन मांगे गए थे। आवेदन प्रक्रिया नवंबर 2025 में पूरी हुई थी। इनमें से लेवल-1 के लिए 5636 पद और लेवल-2 के लिए 2123 पद निर्धारित किए गए हैं। दोनों स्तरों की भर्ती के लिए केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सके थे, जिन्होंने रीट पात्रता परीक्षा पास की थी।

लेवल-2 शिक्षक भर्ती में विषयवार पदों की बात करें तो सबसे अधिक पद विज्ञान-गणित विषय के लिए रखे गए हैं, जिनकी संख्या 1043 है। इसके अलावा संस्कृत के 389, सामाजिक विज्ञान के 296, अंग्रेजी के 221 और हिंदी के 174 पद शामिल हैं। वहीं लेवल-1 में सामान्य शिक्षा के लगभग 5 हजार पदों और संस्कृत शिक्षा के 636 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

क्या है परीक्षा गाइडलाइन?

बोर्ड द्वारा परीक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके पहचान पत्र में लगी फोटो तीन वर्ष से अधिक पुरानी न हो। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय एडमिट कार्ड पर छपी फोटो, मूल पहचान पत्र की फोटो और अभ्यर्थी के चेहरे का मिलान किया जाएगा। फोटो में असमानता पाए जाने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *