इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस वर्ष सभी स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश केवल कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) 2026 के माध्यम से ही किया जाएगा। यह व्यवस्था विश्वविद्यालय के सभी संघटक महाविद्यालयों पर भी लागू होगी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने बताया कि यह निर्णय विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। सभी स्नातक पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित होंगे। जानिए, क्या है पूरा प्रोसेस विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि जो विद्यार्थी वर्ष 2026 में कक्षा 12वीं की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं या उत्तीर्ण कर चुके हैं और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेना चाहते हैं, उनके लिए सीयूईटी-यूजी-2026 में पंजीकरण अनिवार्य होगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in/ पर आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय विकल्प में “यूनिवर्सिटी आफ इलाहाबाद” का चयन करना होगा। प्रो. कपूर ने बताया कि सीयूईटी-यूजी-2026 के लिए पंजीकरण 3 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक खुले रहेंगे, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में सुधार के लिए 2 से 4 फरवरी 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 11 मई से 31 मई 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में किया जाएगा। परीक्षाएं 11 मई से 31 मई तक होंगी सीयूईटी (यूजी) की प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथियां भी जारी कर दी गईं हैं। इस वर्ष प्रवेश परीक्षाएं 11 से 31 मई के बीच एनटीए की ओर से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड में करवाई जाएंगी। उम्मीदवार भाषा और सामान्य योग्यता परीक्षा सहित अधिकतम पांच विषयों का चयन कर सकता है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए भाषा विषय के रूप में हिंदी या अग्रेंजी और सामान्य योग्यता परीक्षा को अनिवार्य किया गया है। प्रवेश परीक्षा के बाद भाषा विषय (हिंदी या अग्रेंजी), सामान्य योग्यता परीक्षा और केवल डोमेन विषय के प्राप्तांको के आधार पर मेरिट तैयार करके प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक प्रश्नपत्र में होंगे 50 अनिवार्य प्रश्न परीक्षा पैटर्न की बात करें तो प्रत्येक प्रश्नपत्र में 50 अनिवार्य प्रश्न होंगे, जिनके लिए समय सीमा एक घंटा निर्धारित है। सही उत्तर पर 5 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीयूईटी स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी और इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्नातक स्तर पर किसी अन्य माध्यम से प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सीयूईटी-यूजी-2026 से जुड़ी सभी अपडेट और दिशा-निर्देशों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in/ पर नियमित रूप से जानकारी लेते रहें।


