प्रशासन का मेगा कैंप फ्लॉप: दिनभर में सिर्फ 60 आवेदन

प्रशासन का मेगा कैंप फ्लॉप: दिनभर में सिर्फ 60 आवेदन

भिण्ड. संकल्प से समाधान अभियान के तहत मंगलवार को खंड स्तरीय शिविर का आयोजन लहार में बीएसएनएल भवन के पास बस स्टैंड परिसर में किया गया। बड़ी संख्या में आवेदकों के आने की संभावना को देखते हुए 14 काउंटर लगाए गए थे, लेकिन दिन भर चले शिविर में महज 60 लोग ही आवेदन लेकर पहुंचे।

यह अभियान 12 जनवरी को शुरू हुआ था, जो 30 मार्च तक चलेगा। लहार में इतने व्यापक स्तर पर शिविर का आयोजन पहली बार किया गया था। इसके पहले घर-घर जाकर आवेदन संग्रहित करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया। इसी क्रम में इस शिविर का आयोजन बस स्टैंड परिसर में किया गया। एसडीएम विजय सिंह यादव के साथ खंड स्तरीय अधिकांश अधिकारी व कर्मचारी शिविर में मौजूद रहे। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना स्वयं शिविर में पहुंचे और लोगों से चर्चा की, लेकिन उम्मीद के अनुरूप आवेदक इस शिविर में नहीं पहुंचे। हालांकि जो लोग आवेदन लेकर पहुंचे उनके प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

12 हितग्रहियों को हितलाभ वितरित

शिविर में लोक सेवा गारंटी केंद्र एवं आधार पंजीयन केंद्र भी स्थापित किया गया था। जिसमें प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए मौके पर ही एक 12 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना ने मंच से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए लाड़ली लक्ष्मी प्रकाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, मूल निवासी एवं जाति प्रमाण पत्रों का भी वितरण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वीर सिंह चौहान एसडीएम विजय सिंह यादव एवं विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी भी इसमें शामिल हुए।

अनुदान प्राप्त विद्यालयों का औचक निरीक्षण

कलेक्टर मीना ने इस दौरान नगर में अनुदान प्राप्त विद्यालय का निरीक्षण भी किया। वे वार्ड 15 में संचालित अशोक हायर सेकंडरी विद्यालय पहुंचे और परीक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। एसडीएम को निर्देश दिए कि विद्यालय के अनुदान की जांच करवाई जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

रौन में शिविर का आयोजन आज

संकल्प से समाधान शिविर का आयोजन 18 मार्च को रौन विकासखंड मुख्यालय पर किया जाएगा। शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले शिविर में शासन की 106 योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका यथा स्थिति मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *