बलौदाबाजार में गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में हुए इस मुकाबले में प्रशासन एकादश ने पत्रकार इलेवन को 36 रनों से हराया। प्रशासन एकादश ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। टॉस जीतकर प्रशासन एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 7 ओवर में 7 विकेट खोकर 71 रन बनाए। पत्रकार इलेवन की टीम 72 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 ओवर में केवल 36 रन ही बना सकी। इस प्रकार प्रशासन एकादश ने 36 रनों से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच बने विनय वर्मा प्रशासन एकादश के विनय वर्मा को उनके बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। प्रशासन एकादश से अक्षय तिवारी और पत्रकार इलेवन से खिलेश्वर जायसवाल ने ऑलराउंडर का प्रदर्शन किया। विजेता टीम के कप्तान कलेक्टर दीपक सोनी और उपविजेता टीम के कप्तान नरेश गनशानी को ट्रॉफी प्रदान की गई। मैच के बाद कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से मेल-मिलाप बढ़ता है और एक-दूसरे को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने खेल भावना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन टीम भावना से खेलना सबसे महत्वपूर्ण है। कृषि संचालक राहुल देव ने भी मैच की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन, पत्रकार और नागरिकों के बीच ऐसे आयोजन सद्भावपूर्ण वातावरण बनाते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी, एसडीएम प्रकाश कोरी, संयुक्त कलेक्टर सीमा ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, खेल अधिकारी प्रीति बंछोर सहित कई अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकारगण उपस्थित रहे।


