झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में अवैध प्लास्टिक कचरे के डंपिंग/लोडिंग पर रोक लगाने के बाद प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाए गए हैं। बीती देर शाम एसडीएम अभिनव सिवाच ने विभागीय अधिकारियों को साथ लेकर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग अभियान के दौरान तीन अवैध साइट को सील किया गया और चार वाहन इंपाउंड किए गए। एसडीएम अभिनव सिवाच ने बताया कि शहर में अवैध प्लास्टिक के यातायात, डंपिंग और स्टोरेज पर पाबंदी लगाई हुई है। सोमवार की शाम पुलिस, आरटीए, नगरपरिषद की टीम के साथ शहर के छोटूराम नगर में प्रदूषण फैलाने वाली खाली प्लाटों में चल रही अवैध प्लास्टिक कचरे की यूनिट का निरीक्षण किया। अवैध की जा रही प्लास्टिक वेस्ट डंपिंग निरीक्षण के दौरान सामने आया कि क्षेत्र के कुछ प्लॉटों में नियमों की अवहेलना करते हुए प्लास्टिक वेस्ट की अवैध डंपिंग की जा रही थी। एसडीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तीन प्लॉटों को सील करने के निर्देश दिए तथा डंपिंग में प्रयुक्त चार वाहनों को इंपाउंड करवाया। उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ क्षेत्र में प्लास्टिक कचरे को अनधिकृत स्थलों पर फेंकने से प्रदूषण को बढ़ावा मिलता है, जो आमजन की जीवन-गुणवत्ता व शांति के लिए गंभीर चुनौति बना हुआ है और सार्वजनिक हित में इसके विरुद्ध रोकथाम आवश्यक है। अवैध डंपिंग से प्रदूषण हो रहा एसडीएम ने कहा कि बहादुरगढ़ में इस तरह की यूनिटों को नही पनपने दिया जाएगा। कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने आह्वान किया कि ऐसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त न हों, जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़े और जन-जीवन को खतरा उत्पन्न हो।


