सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ प्रशासन, डंपरों की शुरू हुई कोडिंग…ड्राइवरों को लापरवाही से उजड़ रहे हैं परिवार

सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ प्रशासन, डंपरों की शुरू हुई कोडिंग…ड्राइवरों को लापरवाही से उजड़ रहे हैं परिवार

गोरखपुर में बीते दिनों डंपरों से हुई सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गोरखपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इन घटनाओं में संलिप्त वाहनों के खिलाफ जहां कठोर विधिक कार्रवाई की गई है, वहीं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार कर उसे जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है।

192 डंपरों की थानावार कोडिंग हुई

इस कार्ययोजना के तहत सड़कों पर संचालित डंपरों की पहचान, वैधता और निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष कोडिंग अभियान शुरू किया गया है। अभियान के पहले दिन ही पुलिस ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग चलाते हुए कुल 192 डंपरों की थानावार कोडिंग की। इस कोडिंग के माध्यम से प्रत्येक डंपर की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की जा रही है, जिससे भविष्य में किसी भी दुर्घटना या शिकायत की स्थिति में संबंधित वाहन की त्वरित पहचान और कार्रवाई संभव हो सके।

ट्रैफिक रुल के उल्लंघन पर होगी सख्त कारवाई

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने डंपर चालकों और मालिकों से आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की और उन्हें सख्त निर्देश दिए कि वे सभी वाहन वैध कागजात के साथ ही संचालित करें। साथ ही ओवरलोडिंग, तेज गति, लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

डंपर ड्राइवरों को दिए गए कड़े निर्देश

पुलिस अधिकारियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही कई निर्दोष लोगों की जान ले सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता, संयम और जिम्मेदारी बरतना आवश्यक है। उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सड़क पर अन्य वाहनों व राहगीरों का विशेष ध्यान रखें।

पुलिस चेकिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की एक ठोस पहल है। आने वाले दिनों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और तब तक चलाया जाएगा जब तक जनपद के सभी डंपरों की कोडिंग प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डंपर वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम जनता को सुरक्षित यातायात वातावरण उपलब्ध कराना है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे कानून का पालन हर हाल में कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *