आगामी होली, रमजान और ईद-उल-फितर के मद्देनजर गोरखपुर पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में सद्भावना समिति, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
बैठक का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराना रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 4 मार्च को होली है और उसी दिन रमजान का पंद्रहवां रोजा भी है, जबकि 13 मार्च को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। ऐसे में संवेदनशीलता, सतर्कता और समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
सभी विभाग आपसी तालमेल से करें कार्य : डीएम
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें। उन्होंने निर्देश दिया कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व सत्यापन कर लिया जाए।
विशेषकर जिन स्थानों पर मस्जिदों के सामने होलिका दहन होता है, वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
पर्याप्त फोर्स, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी से होगी मॉनिटरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने होली के जुलूसों को लेकर विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जुलूसों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, वहां पर्याप्त फोर्स, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए।
जिन जुलूसों में मुख्यमंत्री की सहभागिता रहती है, उन मार्गों का प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूर्व निरीक्षण किया जाए। जुलूस समाप्त होने के बाद भी कम से कम दो घंटे तक संबंधित क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ट्रैफिक पुलिस विशेष सतर्कता बरते
ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया कि प्रमुख बाजारों, चौराहों और जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं और अवैध पार्किंग पर सख्ती बरती जाए। रात्रि में निर्धारित समय सीमा के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
अलविदा की नमाज के दिन मस्जिदों के आसपास विशेष सतर्कता रखने, यातायात डायवर्जन योजना लागू करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी मंदिर संतोष कुमार, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, सभी एसडीएम, सभी सीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सद्भावना समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


