रायबरेली में ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन से नए रंगरूटों को भी विभिन्न चौराहों पर तैनात किया गया है, जिससे चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा सके। पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) जैसे डलमऊ, महराजगंज, लालगंज, सलोन और सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। ईद की नमाज के मद्देनजर सभी ईदगाहों और मस्जिदों पर स्थायी पुलिस बल तैनात किया गया है। नवरात्रि के कारण प्रमुख मंदिरों में भी पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को भी विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस पैदल मार्च में संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा और अपर जिला अधिकारी सिद्धार्थ वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया। प्रशासन ने आम जनता से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की है और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।


