एक्ट्रेस-सिंगर सुलक्षणा पंडित का 71 की उम्र में निधन:संजीव कुमार से शादी करना चाहती थीं, एक्टर के इनकार के बाद टूट गई थीं

बॉलीवुड एक्ट्रेस और सिंगर सुलक्षणा पंडित का मुंबई में गुरुवार रात 8 बजे निधन हो गया। वे 71 साल की थीं। फिलहाल उनकी मौत का कारण सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि वे काफी समय से बीमार थीं। सुलक्षणा पंडित ने मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली। सुलक्षणा, संजीव कुमार से शादी करना चाहती थीं, लेकिन संजीव ने उनका प्रस्ताव ठुकरा। इसके बाद सुलक्षणा मानसिक रूप से टूट गई थीं। 9 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को हुआ था। वह एक संगीत से जुड़े परिवार से थीं। उनके चाचा महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे। उनके तीन भाई और तीन बहनें थीं। भाइयों में जतिन और ललित मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर हैं। वहीं, उनकी बहन विजयता पंडित एक अभिनेत्री और पार्श्व गायिका हैं। सुलक्षणा ने सिर्फ 9 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था और 1967 में फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की। 1967 की फिल्म ‘तकदीर’ में उन्होंने लता मंगेशकर के साथ मशहूर गीत ‘सात समुंदर पार से’ गाया था। साल 1975 में फिल्म ‘संकल्प’ के गाने ‘तू ही सागर है तू ही किनारा’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। उन्होंने किशोर कुमार, मोहम्मद रफी, येशुदास और उदित नारायण जैसे गायकों के साथ डुइट गाए। 1980 में उनका एल्बम ‘जज्बात’ (HMV) रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने गजलें गाईं। 1986 में उन्होंने लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में फेस्टिवल ऑफ इंडियन म्यूजिक में भी प्रस्तुति दी। उनकी आवाज आखिरी बार 1996 की फिल्म ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ के गाने ‘सागर किनारे भी दो दिल’ में सुनाई दी, जिसे उनके भाइयों जतिन-ललित ने कंपोज किया था। वहीं, सुलक्षणा पंडित का एक्टिंग करियर 1970 और शुरुआती 80 के दशक में अपने शिखर पर था। उस दौर में वह बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक थीं। उन्होंने उस समय के लगभग सभी टॉप एक्टर्स के साथ काम किया। उनका फिल्मी सफर 1975 में फिल्म ‘उलझन’ से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने अनिल गांगुली की फिल्म ‘संकोच’ (1976) में ललिता का किरदार निभाया, जो उपन्यास परिणीता पर आधारित थी। सुलक्षणा पंडित ने अपने दौर के कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया। सुलक्षणा पंडित ने जीतेन्द्र के साथ खंजर, संजीव कुमार के साथ उलझन (1975) और बंजरंग बली (1976) में अभिनय किया। वहीं, उन्होंने राजेश खन्ना के साथ भोला भाला (1978) और बंधन कच्चे धागों का (1983) में स्क्रीन शेयर की। विनोद खन्ना के साथ उनकी फिल्मों में हेरा फेरी (1976) और आरोप (1974) शामिल हैं। इसके अलावा, शशि कपूर के साथ उन्होंने चंबल की कसम (1980) और शत्रुघ्न सिन्हा के साथ अमीरी गरीबी (1974) में काम किया था। उन्होंने ‘अपनापन’, ‘खानदान’, ‘चेहरे पे चेहरा’, ‘धर्म कांटा’ और ‘वक्त की दीवार’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। सुलक्षणा ने कभी शादी नहीं की
एक्टर संजीव कुमार के साथ उनके अधूरे रिश्ते ने उनकी जिंदगी पर गहरा असर छोड़ा। आगे चलकर उन्हें सेहत और आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कहा जाता है कि सुलक्षणा पंडित, एक्टर संजीव कुमार से बेहद प्यार करती थीं। 1975 में फिल्म ‘उलझन’ की शूटिंग के दौरान उनका प्यार परवान चढ़ा और उन्होंने संजीव कुमार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। हालांकि, संजीव कुमार ने उनके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसका कारण था संजीव का हेमा मालिनी के लिए एकतरफा प्यार। संजीव कुमार हेमा मालिनी से शादी करना चाहते थे, लेकिन हेमा ने उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। हेमा से मिले दिल के दर्द से संजीव कुमार कभी उबर नहीं पाए। इधर, संजीव कुमार के इनकार के बाद सुलक्षणा पंडित टूट गईं। उन्होंने आजीवन अविवाहित रहने का फैसला किया और अपना जीवन अकेलेपन में बिताया। संजीव की मृत्यु के बाद, सुलक्षणा मानसिक रूप से अस्थिर हो गईं और कई वर्षों तक अपनी बहन विजयता पंडित के साथ रहीं। ये खबर भी पढ़ें… पंकज धीर के अंतिम संस्कार में इमोशनल हुए सलमान खान:बेटे निकितिन ने मुखाग्नि दी, सुबह अंतिम सांस ली थी; कैंसर से जूझ रहे थे एक्टर पंकज धीर (68) को उनके बेटे निकितिन ने 15 अक्टूबर को पवन हंस क्रीमैटोरियम में मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के वक्त सलमान खान इमोशनल नजर आए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *