सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी पर होगी कार्रवाई:हरदा में पुलिस का फ्लैग मार्च, कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर होगा एक्शन

सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी पर होगी कार्रवाई:हरदा में पुलिस का फ्लैग मार्च, कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर होगा एक्शन

हरदा में आगामी होली, धुलेड़ी, रंगपंचमी और रमजान के त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार शाम को पुलिस जवानों ने शहर के मुख्य बाजारों और अन्य इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च पुलिस कंट्रोल से शुरू होकर नारायण टॉकीज चौक, चांडक चौराहा, घंटाघर, जैसानी चौक और परशुराम चौक जैसे प्रमुख क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान पुलिस ने दुकानदारों और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति का संदेश दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग करने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और लोगों से आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है। एएसपी मिश्रा ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने को भी कहा। पुलिस कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने जानकारी दी कि होली के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रात में गश्त बढ़ा दी गई है और आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *