भास्कर संवाददाता| रायसेन जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौहरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 25 किलो 900 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई जा रही है। 23 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक तारानगर ओवरब्रिज के पास बैग में डोडाचूरा रखकर बिक्री के लिए खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद परमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग में पन्नी में छिपाकर रखा गया डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय पिता किशोरसिंह रायसिख (30) और ब्रजेश पिता दलवीरसिंह रायसिख (19) निवासी ग्राम रमगड़ा, थाना बाड़ी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।


