ज राजधानी जयपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए रोड रेज के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। युवती ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफीनामा पेश किया है और माफी मांगते हुए एक वीडियो भी जारी किया है। पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज के अनुसार, पिछले 3-4 दिनों से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवती सड़क पर खड़ी एक इनफील्ड बाइक में पहले हेलमेट और बाद में पत्थर से तोड़फोड़ करती दिखाई दे रही थी। बाइक चालक द्वारा बार-बार मना करने के बावजूद भी युवती आक्रामक बनी रही। जांच में सामने आया कि यह घटना 22 गोदाम पुलिया, राम मंदिर के सामने, थाना सोडाला क्षेत्र की है। घटना 23 मार्च की बताई जा रही है, जब एक स्कूटी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक उसकी टक्कर में आ गई, जिससे आगे चल रही रेपिडो बाइक भी प्रभावित हुई। इस दौरान रेपिडो बाइक पर सवार युवती को हल्की चोट आई और उसकी नई पैंट फट गई। बताया गया कि युवती ने मौके पर ही 1700 रुपये की मांग की और विवाद बढ़ने पर वह उग्र हो गई। पहले उसने हेलमेट से बाइक के साइड मिरर और इंडिकेटर तोड़े और बाद में पत्थर उठाकर दोबारा तोड़फोड़ की। राहगीरों की समझाइश के बावजूद वह शांत नहीं हुई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवती की पहचान की। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की और अपने आवेश में आकर तोड़फोड़ करने की बात मानी। इसके बाद उसने लिखित माफीनामा भी दिया। हालांकि पीड़ित बाइक चालक ने भय के कारण इस मामले में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया है। पुलिस ने युवती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर मामला कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे गोपाल शर्मा ने भी युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनसे भी बहस की। पुलिस का कहना है कि युवती का यह आचरण सार्वजनिक शांति के लिए खतरा बन सकता था, इसलिए एहतियातन कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


