जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने मंडी समिति गेट संख्या एक के पास कार्रवाई करते हुए तीन ओवरलोड डंपरों को सीज किया और चार अन्य डंपरों का चालान कर 2 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। यह अभियान सघन वाहन चेकिंग के तहत चलाया गया, जिसमें चार दर्जन से अधिक डंपरों की जांच की गई। जांच के दौरान ओवरलोड पाए गए वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन करते हुए ओवरलोड वाहन संचालकों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। जिले में कुल 10 चेक प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा सके। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि जिले में ओवरलोड डंपरों को किसी भी कीमत पर चलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने डंपर संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित क्षमता के अनुसार ही वाहन चलाने और प्रशासनिक कार्रवाई से बचने की अपील की।


