अवैध रेत-मुरूम उत्खनन पर कार्रवाई, 6 वाहन पकड़ाए:लांजी और नवेगांव में कार्रवाई, ठेका बंद होने के बाद भी जारी था काम

अवैध रेत-मुरूम उत्खनन पर कार्रवाई, 6 वाहन पकड़ाए:लांजी और नवेगांव में कार्रवाई, ठेका बंद होने के बाद भी जारी था काम

बालाघाट जिले में अवैध रेत और मुरूम उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों से चार ट्रैक्टर और दो डंपर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई रेत ठेका बंद होने के बाद भी लगातार सामने आ रहे अवैध खनन के मामलों के मद्देनजर की गई है। खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल और सुरेश कुलस्ते ने पुलिस टीम की सहायता से इस अभियान को अंजाम दिया। टीम ने लांजी क्षेत्र के नंदोरा और ग्रामीण थाना अंतर्गत नवेगांव में दबिश दी। लांजी के नंदोरा में सर्रा नदी से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना मिली थी। यहां से खनिज रेत का अवैध रूप से उत्खनन करते पाए गए चार ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इनमें से तीन ट्रैक्टर बिना नंबर के थे। सभी जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को लांजी थाना परिसर में खड़ा किया गया है। इसी प्रकार, नवेगांव में टीम ने मुरूम खनिज का अवैध परिवहन करते हुए दो डंपरों को पकड़ा। इन डंपरों को कलेक्टर कार्यालय के खनिज शाखा परिसर में रखा गया है। खनिज विभाग जब्त वाहनों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन, भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत आगे की कार्रवाई कर रहा है। जब्त वाहनों में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 जेडए 1898 (चालक राजकुमार, घोटी), तीन बिना नंबर के ट्रैक्टर (चालक मुकेश मात्रे, कड़ता; मोहनीश दौने, नंदौरा; दुर्गेश नारनौरे) और डंपर क्रमांक सीजी 11 एजे 8923 (चालक शेख हाशिम, सरेखा) तथा सीजी 08 एडब्ल्यु 1953 (चालक अफरोज खान, हीरापुर) शामिल हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *