सहारनपुर में अवैध खनन पर एक्शन:पुलिस-राजस्व टीम ने बालू से भरे दो ट्रक किए सीज

सहारनपुर में अवैध खनन पर एक्शन:पुलिस-राजस्व टीम ने बालू से भरे दो ट्रक किए सीज

सहारनपुर में अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दो भारी ट्रकों को सीज किया है। ये ट्रक बालू से भरे हुए थे, लेकिन चालकों के पास खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि रविवार को चौकी शाहजहांपुर क्षेत्र में सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने सड़क से गुजर रहे दो संदिग्ध 18 टायरा ट्रकों को रोका। जांच करने पर दोनों ट्रकों में भारी मात्रा में बालू भरी हुई पाई गई। अधिकारियों ने चालकों से रॉयल्टी स्लिप, ट्रांजिट पास और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई भी वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया। सीज किए गए ट्रकों में पहला 18 टायरा ट्रक रजिस्ट्रेशन नंबर HR 58 C 9498 और दूसरा 18 टायरा ट्रक रजिस्ट्रेशन नंबर HR 58 E 9498 है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना सरसावा पुलिस की टीम और नकुड़ क्षेत्र के राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल थे। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। एसपी देहात सागर जैन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर खनन करने या बिना वैध दस्तावेजों के सामग्री ढोने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *