नूंह में गौ तस्करी पर कार्रवाई, 7 गिरफ्तार:7 गोवंश और 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद; कोर्ट ने सभी को जेल भेजा

नूंह में गौ तस्करी पर कार्रवाई, 7 गिरफ्तार:7 गोवंश और 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद; कोर्ट ने सभी को जेल भेजा

नूंह जिले में गौ-तस्करी और गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन पिकअप गाड़ियों से सात गोवंश को मुक्त कराया गया, जबकि एक अन्य मामले में मोटरसाइकिल से लगभग 70 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नकदी और औजार भी जब्त किए हैं। फिरोजपुर झिरका में तीन पिकअप से सात गायें बरामद पहला मामला फिरोजपुर झिरका क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान से तीन पिकअप गाड़ियों में गौधन भरकर हरियाणा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर गांव बावनढेड़ी के पास नाकाबंदी की गई। तलाशी के दौरान तीनों पिकअप गाड़ियों से रस्सियों से बंधी सात गायें बरामद हुईं। मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान साजिद (निवासी कहरानी भिवाड़ी, राजस्थान), सैकुल (निवासी गंगवानी पिनंगवा, नूंह), अकबर (निवासी गंगवानी पिनंगवा, नूंह), संजय (निवासी तिजारा, राजस्थान), ललित कुमार (निवासी ढाकी तिजारा, राजस्थान) और इरसाद (निवासी अमीनाबाद फुसेता, बिछोर, नूंह) के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और करीब 27,450 रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गोहत्या निषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मोटरसाइकिल से 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद दूसरे मामले में, सीएस स्टाफ नूंह को सूचना मिली थी कि आकेड़ा निवासी यूनुस मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित मांस लेकर बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर दिहाना के कच्चे रास्ते पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और गिर गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसकी मोटरसाइकिल से लगभग 70 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, एक खुर्जी, छुरी और कुल्हाड़ी बरामद हुई। आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *