मस्जिद विवाद में कार्रवाई तेज, एसओ कंधई लाइन हाजिर:प्रतापगढ़ में व्यापारियों की पिटाई मामले में पुलिस विभाग का एक्शन

मस्जिद विवाद में कार्रवाई तेज, एसओ कंधई लाइन हाजिर:प्रतापगढ़ में व्यापारियों की पिटाई मामले में पुलिस विभाग का एक्शन

प्रतापगढ़ में होली के दिन मस्जिद की दीवार पर रंग पड़ने के विवाद में पुलिस विभाग में कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में कंधई थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसओ) सत्येंद्र सिंह भदौरिया को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इससे पहले एक एसएसआई और तीन सिपाही भी लाइन हाजिर किए जा चुके हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब होली के दिन कंधई बाजार में मस्जिद की दीवार पर रंग पड़ने की शिकायत मिली। पुलिस ने इस संबंध में दो व्यापारियों को हिरासत में लिया और शांति भंग की आशंका में उनका चालान कर दिया। जमानत मिलने के बाद जब व्यापारी घर पहुंचे, तो उनके शरीर पर चोट के निशान देखकर बाजार के लोगों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि थाने में एसएसआई और तीन सिपाहियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और अपमानजनक व्यवहार किया। इस घटना के विरोध में व्यापारियों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक भूकर से की। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसएसआई असलम खान को लाइन हाजिर कर दिया और जांच सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी को सौंपी। सीओ की जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर तीन और सिपाहियों को भी लाइन हाजिर किया गया। इसके बाद व्यापारी नेताओं ने पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ शासन स्तर पर भी शिकायतें शुरू कर दीं। बढ़ते दबाव और जांच के बाद, एसपी दीपक भूकर ने रविवार देर शाम कंधई के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह भदौरिया को भी लाइन हाजिर करने का आदेश दिया। फिलहाल, लीलापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक आदित्य सिंह को कंधई थाने का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *