कोल्ड स्टोरेज हादसे में कार्रवाई तेज, पूर्व मंत्री का ड्राइवर गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार

कोल्ड स्टोरेज हादसे में कार्रवाई तेज, पूर्व मंत्री का ड्राइवर गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार

प्रयागराज आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पूर्व मंत्री अंसार अहमद की गिरफ्तारी के बाद अब उनके कार चालक मोहम्मद जाबिर अली उर्फ जावेद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लगातार छापेमारी कर रही है सर्विलांस टीम

पुलिस के अनुसार, जावेद इस मामले में पहले से नामजद आरोपी था और प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। वहीं, इस केस में अभी भी कोल्ड स्टोरेज का मैनेजर उस्मान, असलम बाबा और इरफान फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्व मंत्री अंसार अहमद को भी भेजा जेल

जांच में सामने आया है कि कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। मुनाफा कमाने के लिए तय क्षमता से ज्यादा सामान और गैस भरी गई थी। यही वजह रही कि गैस रिसाव के बाद बड़ा हादसा हुआ। इससे पहले पुलिस ने पूर्व मंत्री अंसार अहमद, उनके बेटे और भतीजे को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपियों पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी नए सबूत मिलेंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *