मऊगंज पुलिस ने वाहन में लिफ्ट देने के बहाने लोगों की जेब काटने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी बुजुर्गों को अपना रिश्तेदार बताकर या लिफ्ट देने का झांसा देकर कार में बैठाता था और कुछ दूरी पर उतारकर उनके पैसे चुरा लेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 6 लाख रुपए कीमत की अर्टिका कार जब्त की है। थाना मऊगंज पुलिस ने जेबतराशी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपी मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप भारतीय की टीम ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक से रकम निकालकर पैदल जा रहे बुजुर्गों की रेकी करता था। वह उन्हें रिश्तेदार बनकर या लिफ्ट देने के नाम पर अपनी कार में बैठाता और फिर मौका पाकर उनकी जेब से पैसे चुरा लेता था। थाना प्रभारी संदीप भारतीय ने बताया कि फरियादी हजारीलाल गुप्ता (57) निवासी वार्ड क्रमांक 4 मऊगंज ने 21 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को वे 22,500 रुपए नगद लेकर दुकान जा रहे थे। तभी सफेद कार से आए दो युवकों ने उनसे हालचाल पूछकर चाय पीने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया। करीब 100 मीटर बाद उन्हें उतार दिया, जिसके बाद दुकान पहुंचने पर उनकी जैकेट की जेब से रुपए गायब मिले। विवेचना के दौरान क्राइम पैटर्न के आधार पर रीवा-सतना जिलों में सूचनाएं संकलित की गईं। संदेही सद्दाम पिता समसुद्दीन निवासी निपनिया, थाना सिटी कोतवाली रीवा से पूछताछ में उसने यह वारदात स्वीकार की। उसने 9 फरवरी को खटखरी मेन हाईवे पर ग्रामीण बैंक के सामने से 50 हजार रुपए चोरी की एक अन्य घटना भी कबूली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मारुति सुजुकी अर्टिका (MP17 CD 1493) जब्त की है। आरोपी के खिलाफ रीवा, सतना और कटनी सहित विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। नागौद थाने में उस पर लूट के प्रकरण (धारा 392, 395 भादंवि) भी दर्ज हैं। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।


