फरीदाबाद में 13 मार्च को पति घर पर आया और लड़ाई-झगड़ा करने के बाद पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी देने लगा और फायर कर दिया। इसी मामले में पुलिस चौकी IMT की टीम ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जसवंत निवासी सेक्टर-74, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-74 निवासी चन्द्रवती ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 13 मार्च की रात उसका पति जसवंत उनके घर मायका आया और विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर फायर कर दिया। पत्नी पर फायर करने वाला गिरफ्तार इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने बेटे कुलदीप पर भी पिस्तौल तान दी और उसे डराया-धमकाया। इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल बन गया। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शनिवार शाम को आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का अपने परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। 13 मार्च को घर लौटने पर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर यह कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


