लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, बिजनौर थाना क्षेत्र की एक महिला ने 23 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसके 35 वर्षीय चचिया ससुर, जो सब्जी विक्रेता हैं, अपनी 14 वर्षीय बेटी (कक्षा 8 की छात्रा) के साथ लंबे समय से दुष्कर्म कर रहे हैं। पीड़िता की चचिया सास की लगभग 13 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। पीड़िता ने इस घटना से परेशान होकर एक दिन अपनी चचेरी भाभी को जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की चचेरी भाभी ने 23 जनवरी को अपने चचिया ससुर के खिलाफ नामजद शिकायत दी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस से भागा फिर रहा था एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी, तभी शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली। आरोपी युवक थाना क्षेत्र के सरवन नगर स्थित गोलू होटल और इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के बीच शंभू नगर रोड के पास कहीं जाने की फिराक में मौजूद था। सूचना के बाद बिजनौर पुलिस ने उसे मौके से धर दबोचा। एसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में अपनी बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।


