शाहजहांपुर पुलिस ने एक युवती से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खेत पर जा रही युवती के साथ दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर उसने पीड़िता के साथ मारपीट भी की। घटना के बाद जब पीड़ित परिवार शिकायत करने पहुंचा, तो आरोपी के परिवार ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
यह घटना 6 मार्च को थाना मदनापुर क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। युवती खेत जा रही थी, तभी गांव के रहने वाले पवन ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो पवन ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों के पहुंचने पर पीड़िता ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार पीड़िता को लेकर आरोपी पवन के घर शिकायत करने पहुंचा। आरोप है कि पवन अपने घर पर मौजूद था और उसने नरवीर, धर्मपाल और श्यामलाल के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट करने की कोशिश की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता अपने परिवार के साथ थाने पहुंची। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसकी तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने दुष्कर्म के मुख्य आरोपी पवन को मुखबिर की सूचना पर मोहनिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।


